Facebook

Rajesh Munat

Tweeter

Tweets by RajeshMunat

News

रायपुर शहर में 313 करोड़ से फोर लेन एक्सप्रेस-वे का निर्माण प्रगति पर



रायपुर शहर में स्थित फाफाडीह - तेलीबांधा- नया रायपुर स्थित छोटी रेल लाईन की भूमि पर फोर लेन एक्सप्रेस-वे  का निर्माण प्रगति पर है। इसका निर्माण छत्तीसगढ़ सड़क विकास प्राधिकरण द्वारा 313 करोड़ रूपए की स्वीकृत राशि से किया जा रहा है। लोक निर्माण मंत्री श्री राजेश मूणत ने बताया कि इसके निर्माण में अब तक लगभग 160 करोड़ रूपए की राशि व्यय हो चुकी है। 
    लगभग 12 किलोमीटर लम्बाई वाले इस मार्ग के अंतर्गत चार फ्लाई ओव्हरों का निर्माण भी तीव्र गति से जारी है। इनका निर्माण फाफाडीह, देवेन्द्र नगर, पंडरी और शंकर नगर में किया जा रहा है। इनमें से देवेन्द्र नगर, पंडरी और शंकर नगर में निर्माणाधीन फ्लाई ओव्हरों को चालू माह के अंत तक पूर्ण कर लिए जाने की संभावना है। इसके अलावा निर्माणाधीन फोर लेन एक्सप्रेस-वे के अंतर्गत ही अवंति विहार और तेलीबांधा में ऐलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इसमें से तेलीबांधा में ऐलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण को माह जुलाई तक पूर्ण करने का लक्ष्य है। 
    फाफाडीह-तेलीबांधा-नया रायपुर एक्सप्रेस-वे में 12 किलोमीटर लम्बाई के फोरलेन सड़क और सात किलोमीटर सर्विस रोड का निर्माण प्रगति पर है। इसमें आठ नग लघु पुल का निर्माण और 12 नग पुलिया का निर्माण भी किया जा रहा है। इसके अलावा तीन नग अंडर पास का निर्माण किया जा रहा है। तीनों अंडर पास का निर्माण फोर लेन एक्सप्रेस-वे के अंतर्गत पंडरी, अमलीडीह और गुढि़यारी में किया जा रहा है। वर्तमान में फोर लेन एक्सप्रेस-वे के चार किलोमीटर में बी.टी. का कार्य और साढ़े छह किलोमीटर में डब्ल्यू.एम.एम. का कार्य हो चुका है। इसके निर्माण कार्य को आगामी माह अगस्त के अंत तक पूर्ण कर लिए जाने की संभावना है।