Facebook

Rajesh Munat

Tweeter

Tweets by RajeshMunat

News

महानदी में 200 करोड़ की लागत से बने पन्द्रह बड़े और मध्यम पुल : रायगढ़ के सूरजगढ़ में 1830 मीटर लम्बाई का सबसे लम्बा पुल



राज्य में लोक निर्माण विभाग द्वारा बेहतर यातायात के लिए काफी संख्या में पुल-पुलियों का निर्माण निरंतर जारी है। इस कड़ी में छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी नदी महानदी में विगत लगभग एक दशक में विभाग द्वारा सघन यातायात वाले महत्वपूर्ण 15 स्थलों पर वृहद और मध्यम पुल का निर्माण किया गया है। लोक निर्माण मंत्री श्री राजेश मूणत ने आज यहां बताया कि इनके निर्माण में लगभग दो सौ करोड़ रूपए की लागत आयी है। इससे अब सुदूर अंचल के ग्राम बारहमासी सड़कों से जुड़ गए हैं और उन्हें सुगम यातायात की सुविधा उपलब्ध हो रही है।
श्री मूणत ने बताया कि इनमें उत्तर बस्तर (कांकेर) जिले के अंतर्गत 30 करोड़ रूपए के छह पुल, रायपुर जिले के अंतर्गत 40 करोड़ रूपए के तीन पुल, धमतरी जिले के अंतर्गत 58 करोड़ के तीन पुलों का निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा बिलासपुर जिले में 13 करोड़ 51 लाख रूपए में एक पुल, जांजगीर-चाम्पा जिले में 12 करोड़ 50 लाख रूपए के एक पुल और रायगढ़ जिले में 56 करोड़ 48 लाख रूपए की राशि से छत्तीसगढ़ के सबसे बड़े पुल लम्बाई एक हजार 830 मीटर का निर्माण किया गया है। उन्होंने बताया कि महानदी में निर्मित इन पुलों में कांकेर जिले के अंतर्गत चारामा हाराडुला मार्ग पर तीन करोड़ 55 लाख रूपए और करप बुंदेली मार्ग पर दो करोड़ 98 लाख रूपए की लागत से पुल का निर्माण किया गया है। इसी तरह कांकेर जिले में ही चारामा-हाराडुला- भिरौदाघाट मार्ग पर सात करोड़ 45 लाख रूपए, कांकेर-अमोड़ा मार्ग पर पांच करोड़ 50 लाख रूपए, धनोरा-शामतरा मार्ग पर दो करोड़ 40 लाख रूपए और नर्रा-कुर्रा मार्ग पर सात करोड़ 88 लाख रूपए की राशि से वृहद तथा मध्यम पुल निर्मित किए गए हैं।
इसी तरह रायपुर जिले के अंतर्गत बिलाहीघाट, नवापारा-नवागांव मार्ग पर पांच करोड़ 50 लाख, अभनपुर-राजिम-गरियाबंद मार्ग पर 20 करोड़ 6 लाख तथा समोदा-अछोला मार्ग पर 14 करोड़ 25 लाख रूपए की लागत से पुल का निर्माण किया गया है। धमतरी जिले के अंतर्गत सारंगपुर-भरारी मार्ग पर 10 करोड़ 45 लाख रूपए, बिरगुड़ी-भुमका-बेलरगांव मार्ग पर 25 करोड़ 60 लाख रूपए और दोनर-बोरसी मार्ग पर 22 करोड़ रूपए की राशि से पुल का निर्माण शामिल हैं। इसके अलावा बिलासपुर जिले में बिर्रा-भटगांव मार्ग पर 13 करोड़ 51 लाख रूपए, जांजगीर-चाम्पा जिले में जैतपुर से हसौद मार्ग पर 12 करोड़ 50 लाख रूपए और रायगढ़ जिले के पुसौर में महानदी पर 56 करोड़ 48 लाख रूपए की लागत से पुल का निर्माण किया गया है। श्री मूणत ने बताया कि इस दौरान राज्य के सीमावर्ती जिला रायगढ़ के सूरजगढ़ में महानदी पर छत्तीसगढ़ का सबसे लम्बा पुल भी बनाया गया। इसकी लम्बाई एक हजार 830 मीटर है। यह पुल छत्तीसगढ़ राज्य और ओडीशा प्रांत को सड़क मार्ग से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बना है।